डेल्ही बेली का बनेगा तमिल रीमेक
साल 2011 की एक चर्चित फिल्म डेल्ही बेली का तमिल रीमेक बनने जा रहा है और यूटीवी पिक्चर मोशन इसकी पूरी तैयारी में है। यूटीवी और आमिर खान प्रोडक्शन की फिल्म डेल्ही बेली एक एडल्ट कॉमेडी फिल्म थी जो काफी चर्चा में रही, विशेषकर इसके गीत और संवादों के कारण। खबर है कि तमिल में बनने वाली इस रीमेक का अभी नाम तय नहीं किया गया है लेकिन आर्या इसमें इमरान की, सनथानम् कुणाल रॉय कपूर की और मशहूर अभिनेता प्रेमजी वीर दास की भूमिका निभाएंगे। अभिनेत्रियों के लिए हंसिका और अंजली के नामों का चयन किया गया है।
यूटीवी के सीईओ सिद्धार्थ रॉय कपूर ने कहा कि दक्षिण भारतीय दर्शकों के बीच में डेल्ही बेली अच्छा काम करेगी। इसके स्क्रीनप्ले को युवा लेखकों ने बनाया है, हमने इसमें युवा कलाकारों को लिया है। इसके साथ ही इसके निर्देशन की बागडोर भी कुशल हाथों में हैं।
इसके पहले भी यूटीवी ने फिल्मों के रीमेक बनाए हैं। फिल्म खोसला का घौंसला का तमिल रीमेक, ए वेन्सडे का तमिल और तेलगू रीमेक बनाया है। फिल्म राउडी राठौर तेलगू फिल्म विक्रमार्कुडु का रीमेक है जिसे तमिल में सिरुथई के नाम से जाना जाता है।